भाषा चुनें

यह वेबसाइट आपके द्वारा चुनी गई भाषा में प्रदर्शित होगी।

नैतिक आचार-संहिता का स्पष्टीकरण

श्रेणी उपभोक्ता संसाधन प्रकाशित 30 जनवरी 2026

इस पृष्ठ पर


अनुवादक और दुभाषिया आचार-नीति

NAATI द्वारा प्रमाणित अनुवादक और दुभाषिए नैतिक आचार-संहिता और आचरण-संहिता का पालन करने के लिए बाध्य होते हैं। इसका अर्थ यह है कि आप किसी भी NAATI-प्रमाणित अनुवादक या दुभाषिए पर उसी प्रकार भरोसा कर सकते/ती हैं, जिस प्रकार आप किसी डॉक्टर या एकाउंटेंट पर भरोसा करते/ती हैं।

उनका कर्तव्य है कि वे:

  • सटीक बने रहें
  • भेदभाव-मुक्त और पक्षपात-मुक्त बने रहें
  • आपकी जानकारी को गोपनीय रखें
  • नियमित व्यावसायिक विकास के माध्यम से अपने कौशल को बनाए रखें
  • केवल वही कार्य करें जिसके लिए उन्हें प्रशिक्षण या प्रमाण पत्र (क्रेडेंशियल्स) के माध्यम से योग्यता-प्राप्त हो

नैतिक दुविधाएँ व्यावसायिक स्थितियों में ऐसी समस्याएँ होती हैं, जहाँ कोई स्पष्ट सही या गलत समाधान नहीं होता है। दुभाषियों के लिए, यहाँ कुछ नैतिक दुविधाएँ दी गई हैं जो उनके काम में उनके सामने आ सकती हैं:

  • एक सेवार्थी पुलिस के सामने अपशब्द बोलता है। दुभाषिए को लग सकता है कि पुलिस के सामने अपशब्द बोलना अनुचित है या उसे यह पता हो सकता है कि अपशब्द बोलने से सेवार्थी मुसीबत में पड़ जाएगा। परन्तु नैतिक आचार-संहिता दुभाषिए को सटीक और निष्पक्ष बने रहने का निर्देश देती है, और अपशब्दों सहित हर बात का पुलिस के लिए भाषांतरण किया जाएगा और ठीक इसी तरह से पुलिस की कही हर बात का सेवार्थी के लिए भी भाषांतरण किया जाएगा।
  • उनसे राय देने के लिए कहा जाना, जैसे कि क्या उन्हें लगता है कि कोई व्यक्ति झूठ बोल रहा है। नैतिक आचार-संहिता दुभाषिए को निष्पक्ष रहने का मार्गदर्शन देती है और उनकी भूमिका की सीमाओं को स्पष्ट करती है: वे अपने अनुवाद या भाषांतरण के हिस्से के तौर पर पक्ष-समर्थन, मार्गदर्शन या सलाह में संलग्न नहीं होते हैं।
  • उनसे पूछा जा रहा है कि क्या उनके सेवार्थी ने पिछली मुलाकात या एपॉइंटमेंट में कुछ दोहराया था। नैतिक आचार-संहिता दुभाषिए को जानकारी गोपनीय रखने का मार्गदर्शन देती है। यदि कोई डॉक्टर दुभाषिए से पूछे कि क्या रोगी ने पिछली मुलाकात में भी यही बात बोली थी, तो भी वे यह जानकारी नहीं दे सकते हैं।

ऑस्ट्रेलिया और न्यू ज़ीलैंड में चार प्रकार की नैतिक आचार-संहिताएँ हैं: AUSIT (ऑस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरप्रेटर्स एंड ट्रांसलेटर्स), ASLITA (ऑस्ट्रेलियन साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर्स एसोसिएशन), NZSTI और SLIANZ (साइन लैंग्वेज इंटरप्रेटर्स ऑफ न्यू ज़ीलैंड)।

NAATI से प्रमाणन प्राप्त करने के लिए संबंधित नैतिक आचार-संहिता के ज्ञान और समझ का प्रदर्शन करना आवश्यक है। NAATI यह सुनिश्चित करती है कि अनुवादक या दुभाषिया नैतिक आचार-संहिता को और इस बात को समझते हैं कि इसके सिद्धांत उनके कार्य पर कैसे लागू होते हैं, और वे यह जानते हैं कि वे नैतिक दुविधाओं का सामना कैसे करेंगे।

भिन्न-भिन्न नैतिक आचार-संहिताओं और NAATI के नैतिक योग्यता परीक्षण (Ethical Competency test) के बारे में और अधिक यहाँ पढ़ें।

नैतिक आचार-संहिता के उल्लंघन

कभी-कभी यह पाया जाता है कि किसी अनुवादक या दुभाषिए ने सिद्धांतों का पालन नहीं किया है, जिसके परिणामस्वरूप सेवार्थी, उनके कार्य-नियोक्ता या किसी सहकर्मी को नुकसान या हानि हुई है। इसे आमतौर पर ‘उल्लंघन’ कहा जाता है।

NAATI, AUSIT, ASLITA, NZSTI और SLIANZ नैतिक आचार-संहिता के संभावित उल्लंघनों को गंभीरता से लेते हैं। आप इस बात से सम्बन्धित सलाह के लिए NAATI की शिकायत नीति पढ़ सकते/ती हैं कि NAATI के पास रिपोर्ट किए गए किन्हीं उल्लंघनों की जांच और उस पर कार्रवाई NAATI कैसे करेगी। आप अनुवादक या दुभाषिए, उनके कार्य-नियोक्ता या उनके पेशेवर संगठन के पास भी सीधे शिकायत कर सकते/ती हैं, यदि वे इनके सदस्य हों (AUSIT, ASLITA, NZSTI या SLIANZ)।

क्या इस पेज से सहायता मिली?(आवश्यक)

आपके फीडबैक से हमें इस पेज को बेहतर बनाने में मदद मिलती है, NAATI इस फीडबैक का उपयोग अपनी वेबसाइट को बेहतर बनाने के लिए करती है।

यदि आपको उत्तर की आवश्यकता है, तो कृपया हमारे संपर्क फ़ॉर्म का उपयोग करें।