भाषा चुनें

यह वेबसाइट आपके द्वारा चुनी गई भाषा में प्रदर्शित होगी।

सही पेशेवर का चयन करना: NAATI प्रमाण-पत्र का अवलोकन

श्रेणी उपभोक्ता संसाधन प्रकाशित 30 जनवरी 2026

इस पृष्ठ पर


जब आपको दस्तावेज़ों का अनुवाद करने या किसी ऐसे व्यक्ति से बातचीत करने की आवश्यकता हो जो कोई अन्य भाषा बोलता हो, तो अपनी सहायता के लिए सही पेशेवर को खोजना महत्वपूर्ण है। अनुवादक लिखित सामग्री के साथ काम करते हैं, जबकि दुभाषिए बोली जाने वाली या सांकेतिक भाषा के साथ काम करते हैं।

NAATI के सर्टिफिकेशन सिस्टम (प्रमाणन प्रणाली) में तीन ट्रांसलेटर क्रेडेंशियल्स (अनुवादक प्रमाणन) और छह इंटरप्रेटर क्रेडेंशियल्स (दुभाषिया प्रमाणन) शामिल हैं। इस गाइड (संदर्शिका) से आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि प्रत्येक क्रेडेंशियल किसलिए है।

NAATI हर भाषा या हर स्तर पर परीक्षा (टेस्ट) का आयोजन नहीं करती है। यदि आपकी भाषा में परीक्षा उपलब्ध नहीं है, तो भी अनुवादक और दुभाषिए मान्यता-प्राप्त अभ्यास का प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकते हैं, जो दर्शाता है कि उनके पास आवश्यक प्रशिक्षण और भाषा कौशल हैं।

ध्यान रखें कि एक-समान क्रेडेंशियल वाले अनुवादकों और दुभाषियों के विशेषज्ञता के क्षेत्र भिन्न-भिन्न हो सकते हैं। प्रमाणित अभ्यासकर्ताओं को खोजने और उनके विशिष्ट अनुभव तथा योग्यताओं के बारे में और अधिक जानने के लिए NAATI की ऑनलाइन निर्देशिका (डायरेक्टरी) का उपयोग करें।

NAATI सर्टिफिकेशन सिस्टम (प्रमाणन प्रणाली) के बारे में और अधिक जानकारी के लिए NAATI की वेबसाइट पर जाएं।

पूर्वापेक्षित आवश्यकताएँ

NAATI द्वारा प्रमाणित होने के लिए सभी अनुवादकों और दुभाषियों को कई पूर्वापेक्षित आवश्यकताओं को पूरा करना होगा। प्रत्येक क्रेडेंशियल (प्रमाणन) की अपनी अलग-अलग पूर्वापेक्षित आवश्यकताएँ होती हैं (उदाहरण के लिए, प्रशिक्षण के एक अलग स्तर की आवश्यकता है), लेकिन उन सभी में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • अनुवाद या भाषांतरण में औपचारिक प्रशिक्षण
  • अंग्रेज़ी या ऑसलान भाषा में प्रवीणता
  • नैतिक दक्षता: उस प्रासंगिक नैतिक आचार-संहिता का ज्ञान और उसकी समझ, जिससे सभी प्रमाणित अनुवादक और दुभाषिए बाध्य होते हैं
  • अंतरसांस्कृतिक दक्षता: ऑस्ट्रेलियाई संदर्भ में विभिन्न संस्कृतियों के साथ काम करने के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल।

ट्रांसलेटर क्रेडेंशियल्स (अनुवादक प्रमाणन)

तीन प्रकार के ट्रांसलेटर क्रेडेंशियल्स होते हैं, जो कौशल और अनुभव के विभिन्न स्तरों को दर्शाते हैं।

जिन पेशेवरों के पास ट्रांसलेटर क्रेडेंशियल होता है, वे जटिल और गैर-जटिल दस्तावेजों का एक भाषा से दूसरी भाषा में अनुवाद कर सकते हैं। वे किसी मौजूदा अनुवाद की समीक्षा और संपादन करके उसकी सटीकता सुनिश्चित कर सकते हैं। अनुवादक केवल एक या दो दिशाओं में काम कर सकते हैं: उदाहरण के लिए, पोलिश से अंग्रेज़ी भाषा में और/या अंग्रेज़ी से पोलिश भाषा में।

मान्यता-प्राप्त अभ्यासकर्ता अनुवादकों के कौशल का परीक्षण NAATI द्वारा नहीं किया गया होता है, लेकिन उन्होंने न्यूनतम प्रशिक्षण और पूर्वापेक्षित आवश्यकताओं को पूरा किया होता है और उनके पास हालिया नियमित अनुवाद संबंधी अनुभव होता है। वे आमतौर पर उन भाषाओं में काम करते हैं, जिनके लिए NAATI परीक्षण (टेस्ट) उपलब्ध नहीं है।

यदि किसी भाषा के लिए कोई प्रमाणित अनुवादक उपलब्ध नहीं है, तो मान्यता-प्राप्त अभ्यासकर्ता अनुवादकों से वही काम करने के लिए कहा जा सकता है जो प्रमाणित अनुवादक करते हैं।

प्रमाणित अनुवादकों (सर्टिफाइड ट्रांसलेटर्स) ने न्यूनतम प्रशिक्षण और पूर्वापेक्षित आवश्यकताओं को पूरा किया होता है, और NAATI द्वारा उनके कौशल का परीक्षण किया गया होता है। यह सर्टिफिकेशन सिस्टम (प्रमाणन प्रणाली) के अंतर्गत उपलब्ध सर्वोच्च ट्रांसलेटर क्रेडेंशियल (अनुवादक प्रमाण पत्र) है।

NAATI द्वारा आकलित कार्य
  • जटिल लेकिन गैर-विशेषज्ञ टेक्स्ट (पाठ)‌ का अनुवाद
  • जटिल लेकिन गैर-विशेषज्ञ अनुवाद का संशोधन

सर्टिफाइड एडवांस्ड ट्रांसलेटर्स (प्रमाणित उन्नत अनुवादकों) ने पूर्व NAATI प्रत्यायन प्रणाली (2018 से पहले) के तहत उच्चतर प्रमाण पत्र प्राप्त किया था। इसके लिए अब परीक्षा उपलब्ध नहीं है, लेकिन कुछ अनुवादकों के पास अभी भी यह क्रेडेंशियल है।

इंटरप्रेटर क्रेडेंशियल्स (दुभाषिया प्रमाणन)

दो मुख्य क्षेत्रों में छह प्रकार के इंटरप्रेटर क्रेडेंशियल्स उपलब्ध हैं: कम्युनिटी इंटरप्रेटिंग (समुदाय में भाषांतरण) और कॉन्फ्रेंस इंटरप्रेटिंग (सम्मेलन भाषांतरण)।

मान्यता-प्राप्त अभ्यासकर्ता दुभाषिए के कौशल का परीक्षण NAATI द्वारा नहीं लिया गया होता है, लेकिन उन्होंने न्यूनतम प्रशिक्षण और पूर्वापेक्षित आवश्यकताओं को पूरा किया होता है और उनके पास हालिया नियमित भाषांतरण संबंधी अनुभव होता है। वे आमतौर पर उन भाषाओं में काम करते हैं, जिनके लिए NAATI परीक्षण (टेस्ट) उपलब्ध नहीं है।

यदि किसी भाषा के लिए कोई प्रमाणित दुभाषिया उपलब्ध नहीं है, तो मान्यता-प्राप्त अभ्यासकर्ता दुभाषियों से वही काम करने के लिए कहा जा सकता है जो प्रमाणित दुभाषिए करते हैं।

सर्टिफाइड प्रोविज़नल इंटरप्रेटर्स (प्रमाणित अनंतिम दुभाषियों) का, सामान्यत: दो लोगों के बीच होने वाले सामान्य, सरल वार्तालापों के लिए उनके भाषांतरण कौशल का परीक्षण किया गया होता है। ‘प्रोविज़नल (अनंतिम)’ शब्द का प्रयोग इसलिए किया जाता है क्योंकि NAATI ने सर्टिफाइड इंटरप्रेटर (प्रमाणित दुभाषिया) स्तर पर परीक्षण किए जाने वाले व्यापक भाषांतरण कौशल का आकलन नहीं किया है।

NAATI द्वारा आकलित कार्य
  • अंग्रेज़ी बोलने वाले और किसी अन्य भाषा को बोलने वाले व्यक्ति के बीच आमने-सामने (या वीडियो) और रिमोट (टेलीफोन) वार्तालापों का भाषांतरण, जिसे लाइव रोल-प्लेयर्स सुगम बनाते हैं।

सर्टिफाइड इंटरप्रेटर्स (प्रमाणित दुभाषिए) अधिकतर स्थितियों में जटिल भाषांतरण कर सकते हैं। उन्होंने NAATI से सर्टिफाइड प्रोविज़नल इंटरप्रेटर (प्रमाणित अनंतिम दुभाषिया) और साथ ही सर्टिफाइड इंटरप्रेटर (प्रमाणित दुभाषिया) टेस्ट उत्तीर्ण किया होता है।

NAATI द्वारा आकलित कार्य
  • दो लोगों के बीच वार्तालापों का भाषांतरण
  • दस्तावेजों को देखकर उनका एक भाषा (लिखित) से दूसरी भाषा (मौखिक) में अनुवाद।
  • मोनोलॉग (एकालापों) का भाषांतरण (क्रमिक और समसामयिक भाषांतरण)

सर्टिफाइड स्पेशलिस्ट हेल्थ इंटरप्रेटर्स (प्रमाणित विशेषज्ञ स्वास्थ्य दुभाषिए) अनुभवी और कुशलता-प्राप्त दुभाषिए होते हैं, जो स्वास्थ्य परिवेशों में भाषांतरण करने में विशेषज्ञ होते हैं। उन्होंने सामान्य चिकित्सा ज्ञान और स्वास्थ्य-देखभाल में दुभाषियों की भूमिका के बारे में चिकित्सा ज्ञान परीक्षा उत्तीर्ण की होती है, जिसमें स्पीच पैथोलॉजी से जुड़ा एक प्रश्न शामिल होता है। उन्होंने एक इंटरप्रेटिंग टेस्ट (भाषांतरण परीक्षा) भी उत्तीर्ण किया होता है, जो विशेषज्ञ-से-विशेषज्ञ संचार (जैसे जब कोई डॉक्टर किसी रोगी के बारे में किसी दूसरे स्वास्थ्य पेशेवर से बात करता है) और मानसिक स्वास्थ्य परिवेशों में भाषांतरण करने की उनकी क्षमता का आकलन करता है। इस स्तर तक आगे बढ़ने से पहले उन्होंने सर्टिफाइड इंटरप्रेटरों (प्रमाणित दुभाषियों) के रूप में काम किया होता है और विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया होता है।

NAATI द्वारा आकलित कार्य
  • स्वास्थ्य ज्ञान परीक्षा
  • मोनोलॉग का क्रमिक भाषांतरण
  • मानसिक स्वास्थ्य संदर्भ में मोनोलॉग का समसामयिक भाषांतरण
  • एकभाषी संवाद का भाषांतरण (जटिल परिस्थितियों में कई अंग्रेज़ी-भाषी वक्ताओं का समवर्ती भाषांतरण)

सर्टिफाइड स्पेशलिस्ट लीगल इंटरप्रेटर्स (प्रमाणित विशेषज्ञ कानूनी दुभाषिए) अनुभवी और कुशलता-प्राप्त दुभाषिए होते हैं, जो कानूनी परिवेशों में भाषांतरण करने में विशेषज्ञ होते हैं। उन्होंने सामान्य कानूनी ज्ञान और कानूनी मामलों में दुभाषियों की भूमिका के बारे में कानूनी ज्ञान परीक्षा उत्तीर्ण की होती है। उन्होंने एक इंटरप्रेटिंग टेस्ट (भाषांतरण परीक्षा) भी उत्तीर्ण किया होता है, जो विशेषज्ञ-से-विशेषज्ञ संचार (जैसे न्यायाधीश और वकीलों के बीच बातचीत) और अदालत में होने वाली जिरह में भाषांतरण करने की उनकी क्षमता का आकलन करता है। इस स्तर तक आगे बढ़ने से पहले उन्होंने सर्टिफाइड इंटरप्रेटरों (प्रमाणित दुभाषियों) के रूप में काम किया होता है और विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया होता है।

NAATI द्वारा आकलित कार्य
  • कानूनी ज्ञान परीक्षा
  • संवादात्मक अंश कार्य (नकली जिरह परिदृश्य का क्रमिक भाषांतरण)
  • मोनोलॉग्स का क्रमिक भाषांतरण
  • एकभाषी संवाद का भाषांतरण (जटिल परिस्थितियों में कई अंग्रेज़ी-भाषी वक्ताओं का समवर्ती भाषांतरण)

सर्टिफाइड कॉन्फ्रेंस इंटरप्रेटर्स (प्रमाणित सम्मेलन दुभाषिए) संधि समझौता-वार्ताओं और अकादमिक सम्मेलनों जैसे उच्च-स्तरीय अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सम्मेलनों में अत्यंत जटिल और विशिष्ट संदेशों का भाषांतरण कर सकते हैं। इन दुभाषियों के पास आमतौर पर कॉन्फ्रेंस इंटरप्रेटिंग का विशेषज्ञ प्रशिक्षण और व्यापक अनुभव होता है। उनका क्रेडेंशियल (प्रमाणन) किसी एक भाषा से किसी दूसरी भाषा में भाषांतरण करने का होता है (उदाहरण के लिए, जापानी से अंग्रेज़ी भाषा या अंग्रेज़ी से ऑसलान), हालांकि कुछ दुभाषियों के पास कई भाषाओं में भाषांतरण करने का क्रेडेंशियल भी होता है।

NAATI द्वारा आकलित कार्य
  • एक अनदेखे स्पीच के मोनोलॉग का भाषांतरण (क्रमिक भाषांतरण)।
  • देखे और अनदेखे स्पीच के मोनोलॉग की बूथ इंटरप्रेटिंग (भाषांतरण) (समसामयिक भाषांतरण)
क्या इस पेज से सहायता मिली?(आवश्यक)

आपके फीडबैक से हमें इस पेज को बेहतर बनाने में मदद मिलती है, NAATI इस फीडबैक का उपयोग अपनी वेबसाइट को बेहतर बनाने के लिए करती है।

यदि आपको उत्तर की आवश्यकता है, तो कृपया हमारे संपर्क फ़ॉर्म का उपयोग करें।