भाषा चुनें

यह वेबसाइट आपके द्वारा चुनी गई भाषा में प्रदर्शित होगी।

दुभाषिए के साथ कैसे काम करें

श्रेणी अनुवादकों (ट्रांसलेटर्स) और दुभाषियों (इंटरप्रेटर्स) के साथ काम करना प्रकाशित 22 जनवरी 2026


दुभाषिए के साथ काम करने से आपको उन लोगों के साथ प्रभावी ढंग से बातचीत करने में मदद मिलती है, जो आपके द्वारा बोली जाने वाली भाषा से कोई अलग भाषा बोलते हैं। दुभाषिए बातचीत में भागीदार नहीं होते हैं, वे एक पुल के समान होते हैं।

NAATI द्वारा प्रमाणित दुभाषिया (सर्टिफाइड इंटरप्रेटर) निम्नलिखित कार्य करेगा:

  • उन्हें दी गई जानकारी के आधार पर विषय पर शोध करके कार्य (एसाइनमेंट) के लिए तैयारी करेगा
  • सभी बातों का सटीक और निष्पक्ष भाषांतरण करेगा
  • जानकारी में कोई जोड़-घटाव या परिवर्तन नहीं करेगा; और न ही कोई राय, सलाह या स्पष्टीकरण देगा
  • सटीकता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर स्पष्टीकरण या बात दोहराए जाने का अनुरोध करेगा
  • उन स्थितियों का प्रबंध करेगा, जहाँ लोग एक-दूसरे की बात काट कर बोलने लग जाते हैं
  • सत्र के दौरान हुई चर्चा सहित कार्य से संबंधित सभी जानकारी गोपनीय रखेगा।

सभी संबंधित व्यक्तियों के लिए पेशेवर अनुभव सुनिश्चित करने के लिए उनके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करें और इन दिशानिर्देशों का पालन करें।

सत्र से पहले

भाषांतरण का सही ढंग और स्थान चुनें

दुभाषिए की बुकिंग करते समय इस बात की पुष्टि करें कि किस ढंग का प्रयोग किया जाएगा और आप दुभाषिए से किस प्रकार भाग लेने की उम्मीद करते/ती हैं, और यह सुनिश्चित करें कि ज़रूरी उपकरण उपलब्ध हों। अगर आपको पक्का पता नहीं है, तो आपका भाषा सेवा प्रदाता या दुभाषिया सबसे अच्छे तरीके के बारे में सलाह दे सकते हैं।

भाषांतरण का ढंग

क्रमिक भाषांतरण (कॉन्सिक्यूटिव इंटरप्रेटिंग): कही गई बात का भाषांतरण करने से पहले दुभाषिया वक्ता (स्पीकर) का बोलना बंद करने की प्रतीक्षा करता है। इस ढंग का प्रयोग आमतौर पर एपॉइंटमेंट्स या छोटी मुलाकातों में किया जाता है। इस सत्र में एक भाषा में बातचीत करने की तुलना में लगभग दोगुना समय लगेगा, इसलिए अपने शेड्यूल में अतिरिक्त समय रखें।

समवर्ती भाषांतरण (साइमल्टेनियस इंटरप्रेटिंग): दुभाषिया वास्तविक समय (रियल टाइम) में भाषांतरण करता है, आमतौर पर हेडसेट या इंटरप्रेटिंग बूथ जैसे विशेष उपकरणों का इस्तेमाल करके। यह ढंग बड़ी मुलाकातों, सम्मेलनों या ग्रुप डिस्कशन के लिए सबसे अच्छा रहता है, जहाँ आपको बातचीत का प्रवाह बनाए रखना होता है। यह मानसिक रूप से थकाने वाला काम होता है, इसलिए कम से कम दो दुभाषियों का प्रयोग करने की सलाह दी जाती है, जो बारी-बारी से काम करके सटीकता बनाए रख सकते हैं और यह काम करते हुए थकावट से बच सकते हैं।

भाषांतरण की डिलीवरी

आमने-सामने (ऑनसाइट या व्यक्तिगत रूप से): आमने-सामने का भाषांतरण जटिल परिस्थितियों के लिए सबसे अच्छा रहता है क्योंकि इससे शारीरिक हाव-भाव जैसे गैर-मौखिक संकेतों के प्रयोग की अनुमति मिलती है। इसका अर्थ है कि दुभाषिया आपके साथ कमरे में मौजूद रहेगा। ग्रामीण या दूर-दराज के क्षेत्रों में और कुछ भाषाओं में इसकी उपलब्धता सीमित हो सकती है।

वीडियो: वीडियो इंटरप्रेटिंग, आमने-सामने की इंटरप्रेटिंग के बाद दूसरा सबसे अच्छा विकल्प है क्योंकि इसमें भी उन्हें प्रतिभागियों के हाव-भाव दिखाई देंगे। वीडियो इंटरप्रेटिंग तब उपयोगी होती है जब स्थल पर दुभाषिए अनुपलब्ध हों, खासकर कम नोटिस देकर की गई बुकिंग्स के लिए या उन भाषाओं के लिए जिनमें दुभाषिए सीमित हों। वीडियो इंटरप्रेटिंग ऑसलान और बोली जाने वाली भाषाओं के लिए उपयुक्त है, लेकिन इसके लिए विश्वसनीय इंटरनेट कनेक्शन और उचित उपकरण की आवश्यकता होती है।

टेलीफ़ोन: फ़ोन इंटरप्रेटिंग सबसे आसानी से उपलब्ध इंटरप्रेटिंग का रूप है। यह संक्षिप्त और गैर-जटिल संचार के लिए सबसे उपयोगी रहती है।

सही दुभाषिया चुनें

  • यह सुनिश्चित करें कि दुभाषिया NAATI-प्रमाणित है। आप उनकी प्रमाणित व्यवसायी संख्या (सर्टिफाइड प्रेक्टिशनर नम्बर) (Certified Practitioner Number, CPN) का उपयोग करके NAATI प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) की जाँच कर सकते/ती हैं
  • परिवार के सदस्यों या दोस्तों का दुभाषिए के रूप में प्रयोग न करें, भले ही ऐसा करना आपको सुविधाजनक लगे। उनमें निष्पक्षता, प्रशिक्षण या भाषा कौशल की कमी हो सकती है। इससे गोपनीयता, सटीकता और व्यावसायिकता खतरे में पड़ सकती है।
  • यह पुष्टि करें कि दुभाषिया कार्य (असाइनमेंट) की आवश्यकताओं को पूरा करता है। क्या आपको किसी विशेष लिंग के दुभाषिए की आवश्यकता है? क्या किसी विशिष्ट क्षेत्र, जैसे स्वास्थ्य या कानूनी मामलों में उनकी विशेषज्ञता होनी चाहिए?

दुभाषिए को संक्षेप में बताएँ

जब भी संभव हो, कार्य (असाइनमेंट) से पहले दुभाषिए को संक्षिप्त जानकारी दें। संक्षिप्त जानकारी में आप मुलाकात का उद्देश्य, उपस्थित लोगों और दुभाषिए को पता होने योग्य सभी महत्वपूर्ण विवरणों के बारे में बताते/ती हैं। दुभाषिए के साथ पहले से की गई संक्षिप्त बातचीत भी व्यवधानों को कम करने और संचार को सुचारू बनाने में सहायक हो सकती है।

संक्षिप्त जानकारी (ब्रीफिंग) में निम्नलिखित शामिल हो सकता है:

  • विषय, लक्ष्यों और प्रतिभागियों के बारे में पृष्ठभूमि जानकारी प्रदान करना।
  • किसी भी तकनीकी भाषा, विशेष शब्दावली या विशिष्ट शब्दजाल के बारे में सूचित करना ताकि दुभाषिया उसका सटीक भाषांतरण करने के लिए तैयारी कर सके।
  • उन्हें यह बताना कि क्या मुलाकात भावनात्मक, तकनीकी या संवेदनशील होगी।

यदि कार्य (असाइनमेंट) जटिल है, तो दुभाषिए को तैयारी और शोध करने के लिए पर्याप्त समय दें। इस तैयारी से सटीक भाषांतरण सुनिश्चित करने में मदद मिलती है और यह सत्र के दौरान दुभाषिए के कार्यभार को कम करती है।

व्यवस्थाओं की योजना बनाएं

आमने-सामने किया जाने वाले भाषांतरण आपका, दुभाषिए और सेवार्थी का एक ही स्थान पर शारीरिक रूप से उपस्थित होना आवश्यक बनाता है। बैठने की व्यवस्था इस प्रकार करें कि रोगी, दुभाषिया और चिकित्सक एक त्रिकोण बनाकर बैठें। इससे स्पष्ट संचार को बढ़ावा मिलता है और यह सुनिश्चित होता है कि हर कोई शामिल है।

ऑसलान (Auslan) भाषांतरण के लिए:  दुभाषिए को स्वास्थ्यकर्मी के बगल में और रोगी के सामने बैठना या खड़े होना चाहिए। इससे सुनने में अक्षम रोगी को वक्ता (स्पीकर) से नज़रें मिलाए रखने और शारीरिक हाव-भाव को समझने का अवसर मिलता है। अधिक लंबे सत्रों के लिए, दो दुभाषिए बारी-बारी से काम कर सकते हैं।

टेलीफोन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग अनुकूलनशीलता की अनुमति दें—हो सकता है कि दुभाषिया या सेवार्थी आपके साथ उपस्थित हों, या हर व्यक्ति अलग-अलग स्थान पर हो। सत्र शुरू होने से पहले यह सुनिश्चित करें कि टैक्नोलॉजी ठीक से काम कर रही है।

भाषांतरण के लिए अतिरिक्त समय देना न भूलें। एक भाषा में होने वाली बातचीत की तुलना में इस प्रकार की बातचीत में अधिक समय लगेगा।

सत्र के दौरान

क्या करें

  • दुभाषिए और उनकी भूमिका का परिचय देना सुनिश्चित करें। आप एक सरल वाक्य से शुरुआत कर सकते/ती हैं, जैसे: “ये हमारे दुभाषिए हैं, जो आज हमें संवाद करने में मदद करेंगे। हम जो कुछ भी कहेंगे, उसका सटीक और गोपनीय भाषांतरण किया जाएगा।” दुभाषिए अपना परिचय खुद दे सकते हैं। प्रतिभागियों को याद दिलाएं कि दुभाषिए बातचीत का स्वाभाविक प्रवाह बनाए रखने के लिए प्रथम पुरुष (यानी “मैं”, “हम”) में बात करेंगे।
  • सीधे दूसरे व्यक्ति से बात करें, न कि दुभाषिए से। यह कहें कि “आज आप कैसा महसूस कर रही हैं?”, न कि “उनसे पूछें कि वे कैसा महसूस कर रही हैं”। दूसरे व्यक्ति से नज़रें मिलाए रखें, बशर्ते सांस्कृतिक रूप से ऐसा करना अनुचित न हो।
  • स्पष्ट और सरल भाषा का प्रयोग करें। आम बोलचाल में प्रयोग की जाने वाली अशिष्ट भाषा, तकनीकी शब्दावली, शब्दों के संक्षिप्त रूपों या जटिल तुलनाओं का उपयोग न करने की कोशिश करें। भाषांतरण के लिए समय देने हेतु नियमित विराम लें।
  • आगे बढ़ने से पहले दुभाषिए को अपनी बात पूरी करने दें। इससे सटीकता सुनिश्चित होती है और सूचना की अधिकता की स्थिति से बचाव होता है।
  • धैर्य बनाए रखें। कुछ भाषाओं में समान अर्थ को व्यक्त करने के लिए कम या ज्यादा शब्दों की आवश्यकता होती है। भाषांतरण के दौरान कुछ देर का मौन सामान्य बात है।
  • आवश्यकतानुसार स्पष्टीकरण दें । यदि कोई बात अस्पष्ट लगे, तो दुभाषिए से दोहराने या समझाने के लिए कहें। यदि दुभाषिए को किसी बात को स्पष्ट करवाने की आवश्यकता हो, तो उन्हें यह बात बताने के लिए प्रोत्साहित करें। यदि दुभाषिए को स्पष्टीकरण की आवश्यकता हो, तो उनसे कहें कि वे दूसरे व्यक्ति को बताएं कि वे क्या पूछ रहे हैं।

किन बातों से बचना चाहिए

  • दुभाषिए या अन्य व्यक्ति को वाक्य के बीच में न टोकें। व्यवधानों से भ्रम या गलतफहमी हो सकती है।
  • दुभाषिए से राय या सलाह न मांगें। उनकी भूमिका भाषांतरण करने की है, न कि मध्यस्थता, पक्षसमर्थन या व्यक्तिगत विचार व्यक्त करने की।
  • दुभाषिए के साथ अलग से बातचीत न करें। दुभाषिया आपके द्वारा कही गई हर बात का भाषांतरण करेगा, इसलिए ऐसी कोई बात न कहें, जिसका आप दूसरी भाषा में भाषांतरण नहीं किए जाना चाहते/ती हैं।

सत्र के बाद

  • आवश्यकता पड़ने पर संक्षिप्त जानकारी दें। यदि कोई समस्या सामने आए या फीडबैक की आवश्यकता हो, तो दुभाषिए से बात करें। सुधार के लिए सुझावों के प्रति खुले रहें। दुभाषिए कई पेशेवरों के साथ काम करते हैं और वे भविष्य के सत्रों में संचार को बेहतर बनाने के लिए उपयोगी सलाह दे सकते हैं।
  • गोपनीयता बनाए रखें। भाषांतरण के सत्रों को वैसा ही समझें जैसे आप किसी भी सीधे संचार को समझते/ती हैं। साझा की गई सभी जानकारी गोपनीय रहती है।

अतिरिक्त संसाधन

दुभाषियों के साथ काम करने के बारे में अधिक जानकारी के लिए, यहां जाएं:

क्या इस पेज से सहायता मिली?(आवश्यक)

आपके फीडबैक से हमें इस पेज को बेहतर बनाने में मदद मिलती है, NAATI इस फीडबैक का उपयोग अपनी वेबसाइट को बेहतर बनाने के लिए करती है।

यदि आपको उत्तर की आवश्यकता है, तो कृपया हमारे संपर्क फ़ॉर्म का उपयोग करें।